पाली में पेंटिंग प्रतियोगिता, मिहोना में तिरंगा यात्रा और खेरियातोर में स्वच्छता अभियान चलाकर दिया स्वच्छ भारत का संदेश
भिंड। 16 अगस्त 2026।
प्रधान संपादक राजबंश जामोर की रिपोर्ट।
भिंड। स्वच्छ भारत, स्वच्छ पर्यावरण एवं स्वस्थ जीवन का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से माय भारत केंद्र भिंड द्वारा जिले के विभिन्न विकासखंडों में स्वच्छता पखवाड़ा एवं ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत विभिन्न जागरूकता एवं रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों में विद्यार्थियों, युवाओं, शिक्षकों एवं समाजसेवियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
पाली में हुई पेंटिंग प्रतियोगिता
गोहद विकासखंड के ग्राम पाली स्थित शासकीय हाई स्कूल में पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने अपनी कलाकृतियों के माध्यम से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं प्लास्टिक मुक्त भारत का संदेश दिया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य मिथिलेश शर्मा एवं माय भारत स्वयंसेवक अंकित चौधरी उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वच्छता को केवल किसी अभियान या पखवाड़े तक सीमित न रखते हुए इसे अपने दैनिक जीवन की आदत बनाने की अपील की।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले हीरा कुमारी, राहुल सिंह एवं अभिषेक कुमार को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
मिहोना में चित्रकला प्रतियोगिता के बाद निकली तिरंगा यात्रा
इसी क्रम में मिहोना के शासकीय गांधी महाविद्यालय में चित्रकला प्रतियोगिता एवं तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व ब्लॉक रौन की एनवाईवी मीना दोहरे ने किया।
विद्यार्थियों ने स्वच्छता विषय पर आकर्षक चित्र बनाए। इसके साथ ही फेस पेंटिंग के माध्यम से तिरंगे के रंगों को प्रदर्शित करते हुए विद्यार्थियों ने विशाल तिरंगा यात्रा निकाली। तिरंगा यात्रा के माध्यम से क्षेत्र में राष्ट्रीय एकता, राष्ट्रभक्ति और स्वच्छता का संदेश दिया गया।
चित्रकला प्रतियोगिता का मूल्यांकन डॉ. प्रशांत वर्मा, डॉ. अजय कुमार द्विवेदी एवं डॉ. मुरलीधर सिंह द्वारा किया गया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को महाविद्यालय के प्राचार्य द्वारा पुरस्कृत किया गया।
खेरियातोर में भी चला स्वच्छता एवं तिरंगा अभियान
मेहगांव विकासखंड के ग्राम अंबेडकर आश्रम (खेरियातोर) में भी स्वच्छता पखवाड़ा एवं तिरंगा अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान स्वयंसेवक राहुल सिंह, पूर्व एनवाईवी भानु प्रताप एवं एडवोकेट आदित्य वर्धन की उपस्थिति में लोगों को स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में प्लास्टिक कचरा, प्रदूषण एवं जलवायु परिवर्तन जैसी गंभीर पर्यावरणीय समस्याओं पर चर्चा की गई। लोगों से प्लास्टिक के अनावश्यक उपयोग को कम करने तथा अपने आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने की अपील की गई।
स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प
जिले के विभिन्न स्थानों पर आयोजित इन कार्यक्रमों के अंत में विद्यार्थियों, युवाओं, शिक्षकों एवं समाजसेवियों ने अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने, प्लास्टिक कचरे को कम करने तथा प्राकृतिक संतुलन एवं पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय योगदान देने का सामूहिक संकल्प लिया।
माय भारत केंद्र भिंड की इन गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को स्वच्छता, राष्ट्रभक्ति, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़ने का प्रयास किया गया।
📢 अपनी खबर वंचित आवाज़ तक पहुँचाएं।
आपके क्षेत्र की कोई भी खबर, जनसमस्या, भ्रष्टाचार, दुर्घटना, सरकारी लापरवाही, सामाजिक गतिविधि अथवा जनहित से जुड़ा कोई भी मामला हो तो उसकी फोटो, वीडियो एवं पूरी जानकारी हमारे WhatsApp नंबर 9753669479 पर भेजें। आपकी पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी। खबर की पुष्टि होने पर उसे “वंचित आवाज़” डिजिटल न्यूज़ चैनल, वेबसाइट एवं सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।
📱 WhatsApp: 9753669479
📧 Email: vanchitawaaznews@gmail.com
🌐 Website: www.vanchitawaaz.in
📰 वंचित आवाज़ – निडर • निष्पक्ष • निर्भीक।
