MY Bharat के आयोजन में जिलेभर के युवाओं ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा, विजेताओं को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र देकर किया गया सम्मानित।
भिण्ड | 31 जुलाई 2026 | वंचित आवाज़
प्रधान संपादक राजबंश जामोर की रिपोर्ट
भिण्ड। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत मेरा युवा भारत (MY Bharat) केंद्र, जिला भिण्ड द्वारा जैन महाविद्यालय, भिण्ड में आयोजित "नशा मुक्त युवा–विकसित भारत 2026" कार्यक्रम युवाओं की प्रतिभा, रचनात्मकता एवं सामाजिक जागरूकता का प्रेरणादायक संगम बना। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशामुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ जैन महाविद्यालय के प्राचार्य अतुल श्रीवास्तव के मुख्य आतिथ्य में हुआ। इस अवसर पर अजय सक्सेना (जिला बाल संरक्षण अधिकारी), हरेन्द्र जाटव (सदस्य, MY Bharat युवा स्वयंसेवक चयन समिति) तथा आशुतोष साहू (जिला युवा अधिकारी, MY Bharat, भिण्ड) ने युवाओं को नशामुक्त एवं विकसित भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में स्लैम पोएट्री, वाद-विवाद, पेंटिंग, नारा लेखन, शॉर्ट फिल्म/रील, समूह नृत्य एवं नुक्कड़ नाटक सहित कुल सात प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें जिलेभर के विद्यार्थियों एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह के मुख्य अतिथि रविन्द्र वास्कले (पुलिस उप अधीक्षक) रहे। इस अवसर पर हनुमंत बोहरे (मुख्य विधिक सहायता अधिकारी), अतुल श्रीवास्तव (प्राचार्य) एवं आशुतोष साहू (जिला युवा अधिकारी) ने विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
प्रतियोगिताओं के विजेता
स्लैम पोएट्री 🥇 अंशिका मिश्रा 🥈 बॉबी वाल्मीकि 🥉 विकास सिंह
नारा लेखन 🥇 संजना भदौरिया 🥈 तनु भदौरिया 🥉 हिमेश कुमार
वाद-विवाद 🥇 नुखिल सिंह 🥈 रोहित जाटव 🥉 पुष्पेन्द्र सिंह
पेंटिंग 🥇 भूपेन्द्र चौहान 🥈 शिवम परिहार 🥉 श्रीकृष्ण बुधौलिया
शॉर्ट फिल्म/रील 🥇 भूपेन्द्र उपाध्याय एवं टीम 🥈 श्रेया शिवहरे एवं टीम 🥉 अश्विनी सिंह एवं टीम
समूह नृत्य 🥇 शिव शक्ति डांस अकादमी एवं टीम
नुक्कड़ नाटक 🥇 निखिल श्रीवास्तव एवं टीम
कार्यक्रम के अंत में सभी युवाओं ने नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया तथा विकसित भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी का विश्वास व्यक्त किया।